वॉरेन बफे 100 अरब डॉलर क्लब में हुए शामिल
टेक्सास
मशहूर निवेशक वॉरेन बफे (Warren Buffett) दुनिया के सबसे अमीर लोगों में शामिल रहे हैं। लेकिन हाल के सालों में टेक्नोलॉजीज शेयरों में आई तेजी के चलते दौलत के मामले में दूसरे कई लोग बफे से काफी आगे निकल गए। लेकिन बफे ने फिर से टॉप अमीरों में वापसी की है। उनका नाम 100 अरब डॉलर की दौलत वाले अमीरों की फेहरिस्त में शामिल हो चुका है।
अब कितनी हुई दौलत
बुधवार को बफे की दौलत में 1.9 अरब डॉलर का इजाफा हुआ, जिसकी वजह बर्कशायर क्लास ए शेयरों का रिकॉर्ड हाई पर पहुंचना रहा। ब्लूमबर्ग बिलियेनियर इंडेक्स के मुताबिक, 90 बरस के हो चुके बफे की दौलत बुधवार को 100.4 अरब डॉलर पर पहुंच गई। वह दुनिया के टॉप रईसों में इस वक्त छठें पायदान पर हैं। इस वक्त दुनिया के सबसे अमीर शख्स जेफ बेजोस हैं। उनके बाद एलन मस्क, बिल गेट्स, बर्नार्ड अरनॉल्ट, मार्क जुकरबर्ग हैं।
बर्कशायर हैथवे के चेयरमैन हैं बफे
वॉरेन बफे बर्कशायर हैथवे के चेयरमैन हैं। इस कंपनी से उनकी काफी ज्यादा हिस्सेदारी है। कंपनी के शेयर इस साल 15 फीसदी चढ़े हैं, जबकि एसएंडपी 500 इंडेक्स ने 3.8 फीसदी तक की तेजी दिखाई है। बर्कशायर हैथवे के शेयरों में तेजी की एक वजह बफे द्वारा अपनी ही कंपनी के शेयरों के बाईबैक पर मोटा अमाउंट खर्च करने का कदम भी है। बीते साल 138 अरब डॉलर की नकदी रखने के चलते बफे की जमकर आलोचना हुई थी।
दान न की होती दौलत तो 192 अरब डॉलर के होते मालिक
बफे 2006 से अब तक 37 अरब डॉलर से ज्यादा के बर्कशायर स्टॉक दान कर चुके हैं। पहले बर्कशायर में उनकी करीब एक तिहाई हिस्सेदारी थी। बफे ने अपनी संपत्ति दान न की होती तो आज वह 192 अरब डॉलर के मालिक होते। बफे गिविंग प्लेज नामक कैंपेन के भी को-फाउंडर हैं। यह कैंपेन परोपकार को प्रोत्साहित करता है। बफे ने 1965 में बर्कशायर हैथवे को खरीदा था।

पाठको की राय